जगदलपुर। शहर के दंतेश्वरी वार्ड में बीती रात एक दर्दनाक घरेलू घटना सामने आई, जहां आपसी विवाद के बाद एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही बोधघाट पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग ने बताया कि बैलाबाजार दंतेश्वरी वार्ड निवासी तारासिंह (75 वर्ष) और उनकी पत्नी विजय वीर (70 वर्ष) के बीच बीती रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद दोनों सोने चले गए, लेकिन देर रात करीब 2 बजे फिर से बहस शुरू हो गई। इसी दौरान गुस्से में आकर तारासिंह ने घर में रखे नारियल काटने वाले औजार से पत्नी पर हमला कर दिया। बीच-बचाव के दौरान महिला को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति ने खुद ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब बेटे को घटना की जानकारी हुई, तो उसने आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी और भारी भीड़ की स्थिति बन गई। पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
