रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी क्षेत्र में बिरयानी के पैसे मांगने पर होटल मैनेजर के साथ मारपीट और जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बिना भुगतान किए जा रहे कुछ युवकों ने विरोध करने पर होटल मैनेजर की बेरहमी से पिटाई कर दी और बीयर की बोतल से उसके सिर पर हमला कर दिया। पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, घटना पंडरी स्थित ‘मद्रासी बाइट पॉइंट’ बिरयानी सेंटर की है। बताया जा रहा है कि कुछ युवक होटल में बिरयानी खाने के बाद बिना भुगतान किए जाने लगे। जब होटल मैनेजर ने उनसे बिल का भुगतान करने के लिए कहा तो कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने मैनेजर के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक ने बीयर की बोतल उठाकर मैनेजर के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद होटल में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर देवेंद्र नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू की।
CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें पूरी वारदात रिकॉर्ड हुई है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
व्यापारियों में चिंता, पुलिस ने की अपील
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने नागरिकों से किसी भी विवाद की स्थिति में कानून हाथ में नहीं लेने और तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
