नई दिल्ली। वायदा बाजार में पिछले दो दिनों से जारी गिरावट पर शुक्रवार को ब्रेक लग गया और सोने-चांदी की कीमतों में तेजी दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सुबह 10:56 बजे फरवरी डिलीवरी सोना 0.25 फीसदी की बढ़त के साथ 1,38,091 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता नजर आया। वहीं मार्च डिलीवरी चांदी 0.83 फीसदी चढ़कर 2,45,335 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
विशेषज्ञों के मुताबिक, वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव और आर्थिक अनिश्चितता के माहौल में निवेशक सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं। इसी कारण सोने को लगातार सपोर्ट मिल रहा है और कीमतों में मजबूती बनी हुई है।
इधर, हाजिर बाजार में भी सोने के दाम ऊंचे स्तर पर बने हुए हैं। goodreturns के अनुसार 9 जनवरी को दिल्ली में 24 कैरेट सोना 13,886 रुपये प्रति ग्राम, 22 कैरेट 12,730 रुपये प्रति ग्राम और 18 कैरेट 10,418 रुपये प्रति ग्राम पर रहा।
मुंबई और कोलकाता में 24 कैरेट सोना 13,871 रुपये, 22 कैरेट 12,715 रुपये और 18 कैरेट 10,403 रुपये प्रति ग्राम दर्ज किया गया।
वहीं चेन्नई में सोना सबसे महंगा रहा, जहां 24 कैरेट का भाव 13,964 रुपये प्रति ग्राम, 22 कैरेट 12,800 रुपये और 18 कैरेट 10,680 रुपये प्रति ग्राम रहा।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा वैश्विक हालात के चलते आने वाले दिनों में सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
