बस्तर। ग्राम पंचायत लामकेर अंतर्गत सालेमेटा-2, जुनागुड़ा पारा में एक हिरण के जंगली जानवर द्वारा शिकार किए जाने की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। बताया जा रहा है कि हिरण जंगल से जान बचाकर गांव की ओर भागा था, लेकिन एक किसान की बाड़ी में जंगली जानवर ने उस पर हमला कर दिया, जिससे हिरण की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में भय व्याप्त हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी आसपास के जंगल क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियां देखी गई हैं। ग्राम पंचायत के सरपंच लक्ष्मण कश्यप ने बताया कि घटनास्थल पर जंगली जानवर के पंजों के स्पष्ट निशान पाए गए हैं। इन्हीं निशानों के आधार पर वन विभाग ने प्रथम दृष्टया आशंका जताई है कि हिरण का शिकार तेंदुए द्वारा किया गया हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। विभाग द्वारा पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। वन अधिकारियों ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है और कहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हमला किस वन्य प्राणी ने किया था। फिलहाल क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।
