दुर्ग। जिले के रानीतराई साप्ताहिक बाजार में नकली नोट चलाने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अरूण कुमार तुरंग और उसकी पत्नी राखी तुरंग को हिरासत में लिया है। आरोपियों के पास से 500, 200 और 100 रुपये के कुल 1 लाख 70 हजार 500 रुपये के नकली नोट, साथ ही कलर फोटो कॉपी प्रिंटर और कागज बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 29 दिसंबर 2025 को रानीतराई बाजार में व्यापारियों ने नकली नोट चलने की सूचना दी थी। जांच के दौरान सब्जी विक्रेता तुलेश्वर सोनकर ने शिकायत दर्ज कराई कि एक दंपति ने 60 रुपये का सामान लेकर 500 रुपये का नोट दिया, जो जांच में नकली निकला।
आगे की जांच में सामने आया कि आरोपियों ने भावेश देवागंन, आदोराम बेलवाकुदा, दीपक साहू, संतोष देवागंन, शीतल यादव, चंद्रिका बाई, रोहित सोनकर और भूपेंद्र पटेल सहित कई अन्य व्यापारियों को भी नकली नोट देकर सामान खरीदा था। आरोपी इससे पहले पाटन साप्ताहिक बाजार में भी नकली नोट चला चुके थे।
पूछताछ में अरूण तुरंग ने स्वीकार किया कि उसने ऑनलाइन प्रिंटर और कागज मंगवाकर घर पर ही नकली नोट छापे। पुलिस ने ग्राम सोनपैरी, जिला रायपुर स्थित उसके घर की तलाशी में बड़ी मात्रा में नकली नोट बरामद किए। थाना रानीतराई में अपराध क्रमांक 123/2025 के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है।
