सरगुजा। सोशल मीडिया पर केबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और स्थानीय विधायकों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करना एक महिला को महंगा पड़ गया। मामले में सीतापुर थाना पुलिस ने अकांक्षा टोप्पो के खिलाफ कार्रवाई करते हुए धारा 353(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, अकांक्षा टोप्पो ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े तथा क्षेत्रीय विधायक के विरुद्ध अभद्र, अशोभनीय और मर्यादाहीन भाषा का प्रयोग करते हुए टिप्पणियां और वीडियो पोस्ट किए थे। यह सामग्री सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई, जिसके बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की।
सीतापुर थाना पुलिस का कहना है कि अकांक्षा टोप्पो पत्रकार न होते हुए भी स्वयं को पत्रकार के रूप में प्रस्तुत कर रही थी और सोशल मीडिया के माध्यम से कथित रूप से झूठी व भ्रामक जानकारियां प्रसारित कर रही थी, जिससे आमजन में भ्रम और गलत संदेश फैल रहा था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में इसी तरह के मामलों को लेकर एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। इस मामले में उन्होंने सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए शासकीय भूमि से जुड़े मुद्दे पर कथित तौर पर झूठे आरोप लगाते हुए पोस्ट साझा की थी।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।
