नई दिल्ली। भारत के विभिन्न हिस्सों में हाल के दिनों में भूकंप की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। इसी कड़ी में सोमवार को केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख के लेह में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार, इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.7 मापी गई, जिसे मध्यम से तेज श्रेणी का भूकंप माना जाता है।
जानकारी के मुताबिक, भूकंप सोमवार दोपहर 11 बजकर 56 मिनट पर आया। इसका केंद्र लेह क्षेत्र में धरती से करीब 171 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। राहत की बात यह रही कि अब तक इस भूकंप से किसी भी प्रकार की जान-माल के नुकसान की कोई सूचना सामने नहीं आई है, हालांकि झटकों के कारण लोग दहशत में आ गए और घरों से बाहर निकल आए।
इसी दिन राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी सुबह 8 बजकर 44 मिनट पर हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए। दिल्ली में आए भूकंप की तीव्रता 2.8 दर्ज की गई और इसका केंद्र उत्तरी दिल्ली में 5 किलोमीटर की गहराई पर था।
विशेषज्ञों के अनुसार, पृथ्वी की सतह के नीचे मौजूद टेक्टोनिक प्लेटों की आपसी हलचल और टकराव के कारण ऊर्जा का उत्सर्जन होता है, जिससे भूकंप आते हैं। लगातार आ रही इन घटनाओं ने एक बार फिर सतर्कता की आवश्यकता को रेखांकित किया है।
