रायपुर। छत्तीसगढ़ के उत्तर और मध्य संभागों में ठंड और कोहरे का असर लगातार बना हुआ है। इसी बीच मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आने वाले 3 से 4 दिनों में प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ सकती है। इस दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभागों में शीतलहर चलने की आशंका भी जताई है।
गुरुवार सुबह राजधानी रायपुर सहित रायगढ़, अंबिकापुर, सरगुजा, मैनपाट और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई। प्रदेश में दिन का सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रात का सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 6.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में कोई सक्रिय सिनोप्टिक सिस्टम नहीं है, जिसके चलते मौसम शुष्क बना रहेगा। रायपुर शहर में आज भी कोहरा छाए रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
शीतलहर को देखते हुए रायपुर मेयर मीनल चौबे और नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप ने सभी जोन कमिश्नरों और स्वास्थ्य अधिकारियों को रात के समय फील्ड में मौजूद रहकर अलाव व्यवस्था की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। नगर निगम द्वारा शहर के 12 स्थानों पर अलाव की व्यवस्था शुरू कर दी गई है, जिससे बेघर लोगों, राहगीरों और जरूरतमंदों को ठंड से राहत मिल सके।
