
पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में शुक्रवार रात तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. भीषण हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई. दो अन्य लोग घायल हुए हैं. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मामला प्रतापपुर थाना इलाके के करसी गांव का है.
जानकारी के मुताबिक, मालवाहक पिकअप तेज रफ्तार में चल रही थी. उसने कसरी गांव के पास देर रात बाइक को टक्कर मार दी. इसके बाद पिकअप अनियंत्रित होकर पलटी गई. युवक ने मौके पर दम तोड़ दिया. वहीं दो अन्य लोग घायल हो गए. राहगिरों की मदद से डॉयल 112 को बुलाया गया. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया. वहीं मृतक के शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है. पुलिस ने पिकअप को जब्त कर लिया है. हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, क्या पिकअप चालक नशे की हालत में था. यह पुलिस की जांच के बाद सामने आ पाएगा।
—————-
इलेक्ट्रिक स्कूटी बनी आग का गोला: भाई-बहन ने कूदकर बचाई अपनी जान

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लग गई। स्कूटी में सवार भाई और बहन ने जैसे-तैसे कूदकर अपनी जान बचाई वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता है। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
भाई-बहन ने कूदकर बचाई अपनी जान
जानकारी के मुताबिक, पीयूष कंवर और उसकी दीदी कुसमुंडा से कटकीडबरी लौट रहे थे। इसी दौरान भिलाईबाजार तालाब के पास उनकी इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई, जिसके बाद दोनों भाई-बहन ने कूदकर अपनी जान बचाई।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरी स्कूटी जलकर खाक हो गई। इधर इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि आग कीतनी भयानक है और स्कूटी धू-धूकर जल रही है।
इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा पर सवाल
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले कटघोरा कॉलेज के पास भी इसी तरह इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगी थी। लगातार हो रही घटनाओं से इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।
—————–
हसदेव नदी के पुल से आरक्षक ने लगाई छलांग, तलाश में जुटी एसडीआरएफ की टीम

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां केंदई के पास हसदेव नदी के पुल से एक आरक्षक के छलांग लगा दी है। आरक्षक की बाइक पुल पर खड़ी मिली है, जिसके पास मोबाइल, पर्स, पुलिस आईडी कार्ड और आधार कार्ड बरामद हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरक्षक की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। यह मामला मोरगा चौकी क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, हसदेव नदी के पुल पर आरक्षक की बाइक क्रमांक CG 14 MX 1898 खड़ी मिली। बाइक के पास ही उसका मोबाइल, पर्स, पुलिस आईडी कार्ड और आधार कार्ड भी मिला है। घटनास्थल पर मिले सामान के आधार पर आरक्षक के नदी में छलांग लगाने की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि आरक्षक की पहचान 31 वर्षीय सुनील बेक के रूप में हुई है। वह सरगुजा जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र की तारापुर चौकी में आरक्षक के पद पर पदस्थ है। पुल पर बाइक और व्यक्तिगत दस्तावेज मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित थाना और चौकी को सूचना दी है।
मौके पर पहुंची पुलिस, एसडीआरएफ की टीम बुलाई
घटना की जानकारी मिलते ही मोरगा चौकी प्रभारी मंगतू राम पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। पुलिस ने बाइक के पास मिले दस्तावेजों को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मोरगा चौकी प्रभारी मंगतू राम के अनुसार, पुलिस आईडी कार्ड के आधार पर संबंधित थाना और चौकी को सूचना दे दी गई है। आरक्षक की तलाश के लिए एसडीआरएफ के गोताखोरों की टीम को बुलाया गया है।
नदी में तेज बहाव, तलाशी अभियान में परेशानी
बताया जा रहा है कि हसदेव नदी में पानी का बहाव तेज है। ऐसे में नदी में तलाशी और रेस्क्यू अभियान चलाने में कठिनाई हो रही है। पुलिस और रेस्क्यू टीम आरक्षक की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रही है। वहीं देर रात होने के कारण खोजबीन सुबह किए जाने की बात सामने आई है।
——————
कालीबाड़ी मातृ-शिशु अस्पताल में तीन माह तक बंद रहेंगे ऑपरेशन

रायपुर। राजधानी रायपुर के कालीबाड़ी स्थित मातृ एवं शिशु चिकित्सालय के तीन ऑपरेशन थिएटर का उन्नयन किया जाएगा। इसके लिए 16 नवंबर 2026 से काम शुरू होगा, जिसे पूरा होने में लगभग तीन महीने का समय लगेगा। इस दौरान यहां मरीजों को ऑपरेशन की सुविधा नहीं मिलेगी। अस्पताल प्रबंधन ने वैकल्पिक व्यवस्था की है।
उन्नयन कार्य के चलते कालीबाड़ी मातृ एवं शिशु अस्पताल में होने वाले ऑपरेशन जिला अस्पताल पंडरी में किए जाएंगे। इसके लिए पंडरी अस्पताल में आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई है, ताकि मरीजों को उपचार के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सामान्य प्रसव और ओपीडी सेवाएं रहेंगी जारी
ऑपरेशन थिएटर के उन्नयन के दौरान कालीबाड़ी अस्पताल में सामान्य प्रसव, ओपीडी और वार्ड की सेवाएं पहले की तरह संचालित होती रहेंगी। मरीजों को इन सेवाओं के लिए दूसरे अस्पताल जाने की जरूरत नहीं होगी। केवल ऑपरेशन की सुविधा के लिए पंडरी जिला अस्पताल की व्यवस्था की गई है।
हर महीने 300 से अधिक ऑपरेशन से होते हैं प्रसव
कालीबाड़ी स्थित मातृ एवं शिशु चिकित्सालय में हर महीने 300 से अधिक ऑपरेशन के जरिए प्रसव कराए जाते हैं। ऐसे में तीन ऑपरेशन थिएटर के उन्नयन को अस्पताल की सुविधाओं में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उन्नयन कार्य पूरा होने के बाद ऑपरेशन थिएटर की सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
——————
सूरजपुर डबल मर्डर का खुलासा, शिक्षिका की सहेली के पति ने की थी मां-बेटे की नृशंस हत्या

सूरजपुर। सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केशवनगर के ममता कॉलोनी में रह रही शिक्षिका व उसके 17 वर्षीय बेटे की 9 अक्टूबर की नृशंस हत्या कर दी गई थी। दोनों का शव 10 अक्टूबर को मिला था। इस मामले में पुलिस 12 दिन तक परेशान रहीं। अंतत: सभी कडिय़ां जोड़ते हुए पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल हो गई। शिक्षिका की सहेली के पति ने ही मां-बेटे को मार डाला था। आरोपी ने दोनों का मोबाइल भी छिपा दिया था। शिक्षिका ने 19 लाख रुपए का लोन ले रखा था, जिसे आरोपी मांग रहा था। शिक्षिका द्वारा मना करने के बाद उसने पहले उसे उसके घर में ही मार डाला। जब बेटा लौटा तो वह किसी को बता न दे, इस वजह से उसे अपने साथ ले जाकर हत्या कर दी और शव को महावीरपुर के कोरेया बाड़ी में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
शिक्षिका रजनी बरेठ अपने पुत्र सुजल बरेठ के साथ ममता कालोनी केशवनगर में किराये के मकान में रहती थी। 9 अक्टूबर को शिक्षिका की बहन ने फोन किया तो बंद बताया। इसके बाद वह दूसरे दिन बिश्रामपुर थाना पहुंची। यहां पता चला कि भांजा सुजल बरेठ का शव थाना जयनगर क्षेत्र में सडक़ किनारे मिला है। 10 अक्टूबर की ही देर रात करीब 2 बजे पुलिस को शिक्षिका का शव बाथरूम में पड़ा मिला। पीएम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या करने पाए जाने पर थाना विश्रामपुर में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए आईजी दीपक कुमार झा के निर्देशन में सूरजपुर एसपी योगेश कुमार पटेल ने खुद मॉनिटरिंग की। वहीं एएसपी योगेश देवांगन व एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा के मार्गदर्शन में पुलिस की संयुक्त टीम एवं साइबर सेल अम्बिकापुर टीम के द्वारा लगातार विवेचना की गई। दोनों मामले की विवेचना के दौरान शहर के सीसीटीव्ही फुटेज खंगाले गए। इसमें मृतिका के किराये के मकान ममता कालोनी में आते हुए एक व्यक्ति दिखा है काले कलर का टी-शर्ट और सफेद गमछा ओढ़ा दिखा।
————-




