छत्तीसगढ़
Trending

देश-प्रदेश की पांच बड़ी खबरें

भीषण सड़क हादसा :  पेड़ से टकराई यात्री बस, चालक समेत 6 की मौत, 15 से ज्यादा घायल

मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़ में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है, जहां एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में एक बच्ची सहित 6 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 15 से ज्यादा यात्री घायल बताए जा रहे हैं।

अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई बस

यह हादसा केल्हारी थाना क्षेत्र में हुआ है। बताया जा रहा है कि बस मनेंद्रगढ़ से केल्हारी जा रहीं जा रहीं थी, जिसमें लगभग 30 यात्री सवार थे। सेमरमथानी मोड़ के पास बस अनियंत्रित हो गई और पेड़ से जा टकराई।

6 की मौत, 15 से ज्यादा घायल

घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि इस हादसे में एक बच्ची सहित 6 लोगों की मौत हो गई है और 15 से ज्यादा लोग घायल हैं।

रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी टीम

इधर सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद आनन-फानन में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

———————————–

पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर पति ने की जलाने की कोशिश, अस्पताल में इलाज जारी

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां अपने तीन माह के मासूम बच्चे के लिए स्वेटर लेने की बात कहना एक नवविवाहिता को भारी पड़ गया। पति ने गुस्से में आकर पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर उसे आग के हवाले करने की कोशिश की। इस घटना में महिला करीब 30 प्रतिशत तक झुलस गई है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरा मामला संबलपुर का है।

दरअसल रेणुका की शादी एक साल पहले संबलपुर निवासी बलराम के साथ हुई थी। इस बीच दोनों के बीच आर्थिक परेशानी को लेकर विवाद होता रहा। बीते दिन भी किसी लोन की बात को लेकर विवाद हुआ था। उसके बाद रेणुका ने अपने मासूम बच्चे के लिए उसके पिता से स्वेटर लेने की बात कही। बस इतनी सी बात में तैश में आकर पति ने अपनी पत्नी पर पेट्रोल डालकर उसे जलाने की कोशिश की। इस घटना में महिला 30 प्रतिशत तक झुलस गई है। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं पीड़िता ने अपने पति के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

—————————————-

 स्टाफ नर्स निलंबित, स्वास्थ्य केंद्र के बाहर प्रसव पीड़ा से तड़पती महिला का वीडियो हुआ था वायरल

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में प्रसव पीड़ा से परेशान एक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। मामला रेवतपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का है, जहां स्वास्थ्य केंद्र में ताला लगने के कारण अस्पताल के बाहर प्रसव पीड़ा से महिला तड़प रही थी। मामले की जांच के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए स्टाफ नर्स अपूर्वा सिंह भदौरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, रेवतपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर प्रसव पीड़ा से परेशान महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य सेवाओं और प्रसव के दौरान मरीजों को मिलने वाली देखभाल को लेकर सवाल उठने लगे। मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच की प्रक्रिया शुरू की।

मामले की जांच मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचएमओ) ने की। जांच के बाद प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसके आधार पर संयुक्त संचालक ने स्टाफ नर्स अपूर्वा सिंह भदौरिया के निलंबन का आदेश जारी किया। इस घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं और प्रसव के दौरान गर्भवती महिलाओं को मिलने वाली चिकित्सा सहायता पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में प्रसव पीड़ा से गुजर रही महिलाओं को समय पर उपचार और उचित देखभाल मिलना बेहद जरूरी है।

—————————–

माता हासी देवी के सम्मान में जारी हुआ 200 रुपए का सिक्का

रायपुर। देश की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज लोकभवन के छत्तीसगढ़ मण्डपम में आयोजित एक गरिमामयी और ऐतिहासिक समारोह के दौरान पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का विशेष स्मारक सिक्का जारी किया। इस राष्ट्रीय स्तर के महत्वपूर्ण अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय विशेष रूप से उपस्थित रहे। यह पूरा आयोजन पूज्य शदाणी दरबार रायपुर की 5वीं पीठाधीश माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के उपलक्ष्य में संपन्न हुआ, जिसे भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा आधिकारिक तौर पर जारी किया गया है।

देश-विदेश के सिंधी समाज के लिए गौरव का पल, शदाणी दरबार से होगी बुकिंग

सिंधी समाज की महान विभूति के सम्मान में इस स्मारक सिक्के का जारी होना पूरे समाज के लिए एक ऐतिहासिक और अभूतपूर्व क्षण है। यह पल देश ही नहीं बल्कि दुनिया के कोने-कोने में बसे करोड़ों सिंधी समुदाय के लोगों के लिए गर्व का विषय बना है। कार्यक्रम के दौरान यह जानकारी भी सामने आई कि इस विशेष स्मारक सिक्के का अनावरण होने के बाद अब देश-विदेश के श्रद्धालु और सिक्का संग्राहक इसे शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से आसानी से बुक कर सकेंगे।

सिक्के की विशेषता: अशोक स्तंभ के साथ अंकित है माता हासी देवी की छवि

भारत सरकार द्वारा जारी किए गए इस विशेष सिक्के के प्रारूप और उसकी खूबियों पर नजर डालें तो इस पर पूज्य माता हासी देवी जी की दिव्य छवि को बहुत ही खूबसूरती से उकेरा गया है। सिक्के के एक तरफ भारत का राष्ट्रीय प्रतीक अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और 200 रुपये का स्पष्ट मूल्यवर्ग दर्शाया गया है। सरकार और शदाणी दरबार का मुख्य उद्देश्य इस स्मारक सिक्के के माध्यम से माता हासी देवी के महान जीवन, उनके अमूल्य विचारों और उनके आध्यात्मिक योगदान को आने वाली भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना है। इस भव्य कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन पूज्य शदाणी दरबार रायपुर के वर्तमान पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल जी द्वारा दिया गया।

राज्यपाल, मुख्यमंत्री और देश भर के दिग्गज रहे मौजूद

इस ऐतिहासिक और राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन और देश के कई दिग्गज जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी और मोतीलाल साहू अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इसके साथ ही मुख्य सचिव विकासशील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सीआर प्रसन्ना समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पूज्य शदाणी दरबार के सदस्य और देश के विभिन्न राज्यों से आए सिंधी समाज के प्रतिनिधि व श्रद्धालु बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

————————————

नगर सैनिकों का मानदेय बढ़कर 30,870 रुपए महीना होगा:कोर्ट के निर्देश के बाद फैसला

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगर सैनिकों (होमगार्ड) का मानदेय बढ़ाकर 30,870 रुपए प्रतिमाह किया जाएगा। अभी तक उन्हें 19,500 रुपए प्रतिमाह मानदेय मिल रहा था। नए प्रस्ताव के मुताबिक, मानदेय में महंगाई भत्ता और वर्दी धुलाई भत्ता भी शामिल होगा। इससे प्रदेश के करीब 7,900 नगर सैनिकों को फायदा मिलने की बात कही गई है।

गृह विभाग के प्रस्ताव के अनुसार, नगर सैनिकों को 19,500 रुपए मूल मानदेय, 58% की दर से 11,310 रुपए महंगाई भत्ता और 60 रुपए वर्दी धुलाई भत्ता मिलेगा। इस तरह कुल राशि 30,870 रुपए प्रतिमाह होगी। यानी प्रतिदिन के हिसाब से करीब 1,029 रुपए मिलेंगे।

2023 में बढ़कर 19,500 रुपए हुआ था मानदेय

नगर सैनिकों के मानदेय में इससे पहले भी बढ़ोतरी की गई थी। वर्ष 2017 में इसे 10 हजार से बढ़ाकर 13,200 रुपए प्रतिमाह किया गया था। इसके बाद 30 मई 2023 को जारी आदेश के तहत 1 अप्रैल 2023 से मानदेय में 6,300 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। इससे मानदेय 19,500 रुपए प्रतिमाह हो गया था।

महंगाई को देखते हुए प्रस्ताव

गृह विभाग ने मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव के पीछे न्यायालय के निर्देशों, महंगाई और नगर सैनिकों की ड्यूटी के दौरान जिम्मेदारियों को आधार बताया है। नगर सैनिक कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अग्निशमन और आपदा प्रबंधन जैसी सेवाओं में तैनात रहते हैं। मानदेय बढ़ाने के फैसले पर नगर सैनिकों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार जताया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button