
रायपुर। उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के ऊपर बना गहरा दबाव कमजोर हो रहा है। इसके असर से दक्षिण छत्तीसगढ़ समेत प्रदेश में बारिश जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, 25 सितंबर को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। गरज-चमक, बिजली गिरने के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की भी संभावना है। गुरुवार को रायपुर में करीब 12 मिमी और जगदलपुर में 75 मिमी से ज्यादा बारिश हुई। पिछले 24 घंटे में कोंटा में सर्वाधिक 80 मिमी, तोंगपाल और छिंदगढ़ में 70-70, बास्तानार व बिहारपुर में 60-60 तथा बड़े बचेली, दोरनापाल और सुकमा में 50-50 मिमी बारिश दर्ज की गई।



