दुर्ग पुलिस ने न्यायालयीन और वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद 66 मामलों में जब्त करीब 1.20 करोड़ रुपये के मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया। इसमें 138.196 किलोग्राम गांजा, 114.56 ग्राम हेरोइन, 1,758 नशीली टैबलेट, 2,772 कैप्सूल और 837 नशीली दवाओं के सीरप शामिल हैं।
दुर्ग। संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में जब्त करीब 1.20 करोड़ रुपये के मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया। न्यायालयीन और वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति की मौजूदगी में यह कार्रवाई निर्धारित प्रक्रिया के तहत की गई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज 66 मामलों में जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किया गया है। कार्रवाई को नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
1.20 करोड़ के मादक पदार्थों का नष्टीकरण
नष्टीकरण की कार्रवाई में बड़ी मात्रा में गांजा, हेरोइन और नशीली दवाएं शामिल थीं। पुलिस के अनुसार कुल 138.196 किलोग्राम गांजा, 114.56 ग्राम हेरोइन, 1,758 नशीली टैबलेट, 2,772 नशीले कैप्सूल और 837 नशीली दवाओं के सीरप को नष्ट किया गया।
इन सभी मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये बताई गई है।
भिलाई स्टील प्लांट के भस्मीकरण संयंत्र में नष्ट किया गांजा और हेरोइन
जब्त गांजा, हेरोइन, नशीली टैबलेट और कैप्सूल का नष्टीकरण भिलाई इस्पात संयंत्र के एसएमएस-03 प्लांट स्थित भस्मीकरण संयंत्र में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया गया।
वहीं, नशीली दवाओं के सीरप को नेवई थाना क्षेत्र के नेवईभाठा में नियमानुसार नष्ट किया गया।
पर्यावरणीय मानकों का रखा गया ध्यान
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ शासन, सामान्य प्रशासन विभाग और नारकोटिक्स सेल, पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशों के तहत यह कार्रवाई की गई।
नष्टीकरण के दौरान पर्यावरण विभाग और संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति ली गई। साथ ही पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा और पर्यावरणीय मानकों का विशेष ध्यान रखा गया।
नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जब्त मादक पदार्थों का नियमानुसार नष्टीकरण नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई को दर्शाता है। पुलिस का कहना है कि नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री, परिवहन और अन्य गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस ने लोगों से की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध उत्पादन, परिवहन, बिक्री या सेवन से संबंधित किसी भी जानकारी की तत्काल पुलिस को सूचना दें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।
