कवर्धा। कबीरधाम जिले के बोड़ला थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय किशोरी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीचपारा, बोड़ला निवासी प्रगति मरकाम (14 वर्ष), पिता राजेश मरकाम ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही बोड़ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल किशोरी द्वारा यह कदम उठाने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
गौरतलब है कि रविवार को ही राजधानी रायपुर में एक नवविवाहिता और कांकेर जिले में एक नाबालिग लड़की द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटनाएं भी सामने आई थीं। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
