छत्तीसगढ़राजनीति और चुनाव

कोरबा में शाला प्रवेशोत्सव: मंत्री लखनलाल देवांगन ने विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया, पुस्तकें और साइकिल वितरित कीं

कोरबा के पीएम श्री सेजस, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (बालको) में आयोजित शाला प्रवेशोत्सव में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें और साइकिल वितरित कर मन लगाकर पढ़ाई करने का संदेश दिया।

रायपुर/कोरबा। कोरबा जिले के पीएम श्री सेजस, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बालको में आयोजित शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और मुंह मीठा कर आत्मीय स्वागत किया।

मंत्री ने विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें एवं साइकिल वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।

विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने की सलाह

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री देवांगन ने विद्यार्थियों से शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए नियमित और मन लगाकर पढ़ाई करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने माता-पिता, विद्यालय और जिले का नाम रोशन करें तथा अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहें।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश के शासकीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाओं और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि युक्तियुक्तकरण के माध्यम से शिक्षकों से जुड़ी समस्याओं के समाधान की दिशा में काम हुआ है तथा सहायक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया जारी है।

उन्होंने यह भी कहा कि जिले में जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) के माध्यम से नए विद्यालय भवनों का निर्माण और शिक्षकों की नियुक्ति की जा रही है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

न्योता भोजन में भी हुए शामिल

शाला प्रवेशोत्सव के दौरान मंत्री लखनलाल देवांगन ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों के साथ न्योता भोजन में भी हिस्सा लिया। उन्होंने बच्चों से संवाद कर नियमित अध्ययन, अनुशासन और अच्छे संस्कारों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में पार्षद सत्येंद्र दुबे, एल्डरमैन मंदाकिनी त्रिपाठी, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जे.एन. दुबे, प्राचार्य नीलकंठ राठौर, प्रफुल्ल तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button