छत्तीसगढ़

अमृत भारत स्टेशन योजना: सरोना और बालोद रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण से यात्री सुविधाओं व विकास को मिलेगी नई गति – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने रायपुर में डीआरएम श्री दयानन्द से मुलाकात के दौरान कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण प्रदेश में यात्री सुविधाओं, व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा देगा।

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि भारतीय रेलवे का आधुनिकीकरण केवल यात्री सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यापार, पर्यटन, निवेश और क्षेत्रीय विकास को नई गति देने वाला महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित सरोना और बालोद रेलवे स्टेशन प्रदेश के विकास में नई भूमिका निभाएंगे।

मुख्यमंत्री श्री साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में रायपुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री दयानन्द ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव की ओर से सरोना एवं बालोद रेलवे स्टेशनों के उद्घाटन समारोह का आमंत्रण पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा।

अमृत भारत स्टेशन योजना पर हुई विस्तृत चर्चा

बैठक के दौरान अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत सरोना एवं बालोद रेलवे स्टेशनों पर विकसित आधुनिक यात्री सुविधाओं, अधोसंरचना उन्नयन और स्टेशनों के नए स्वरूप पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना भारतीय रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में एक दूरदर्शी पहल है, जिसका सीधा लाभ आम नागरिकों और प्रदेश के समग्र विकास को मिलेगा।

रेलवे विकास से बढ़ेंगे व्यापार और पर्यटन

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय रेलवे अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं और विश्वस्तरीय अधोसंरचना से सुसज्जित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि रेलवे केवल परिवहन का माध्यम नहीं, बल्कि विकास, व्यापार, पर्यटन और जनसुविधाओं की जीवनरेखा है। रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण से स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी।

डबल इंजन सरकार के प्रयासों से रेल नेटवर्क का विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में आधुनिक रेल अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। मजबूत रेल संपर्क से प्रदेश में निवेश, उद्योग, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा आम नागरिकों का सफर अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगा।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरोना एवं बालोद रेलवे स्टेशनों के उन्नयन से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और क्षेत्र की आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

17 जुलाई को होगा लोकार्पण

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई 2026 को वर्चुअल माध्यम से देशभर में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित एवं नवीनीकृत रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे। इस योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-अनुकूल बनाना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button