अपराध और हादसाछत्तीसगढ़

दुष्कर्म के आरोपी ‘चावल वाले बाबा’ नरेंद्र नयन शास्त्री रायपुर लाए गए, मेकाहारा में होगा इलाज

रायपुर। दुष्कर्म के मामले में महासमुंद सेंट्रल जेल में बंद कथावाचक और ज्योतिषाचार्य आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री को शनिवार को गोपनीय तरीके से रायपुर लाया गया। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें महासमुंद से विशेष सुरक्षा के बीच रायपुर केंद्रीय जेल लाया गया, जहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उपचार के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) भेजे जाने की तैयारी की गई।

जानकारी के अनुसार, महासमुंद केंद्रीय जेल में बंद रहने के दौरान नरेंद्र नयन शास्त्री की तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद महासमुंद पुलिस की विशेष टीम उन्हें सूमो वाहन से रायपुर लेकर पहुंची। उनकी पहचान और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे घटनाक्रम को गोपनीय रखा गया।

दुष्कर्म मामले में हैं आरोपी

गौरतलब है कि महासमुंद जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र की एक महिला ने चर्चित कथावाचक एवं ज्योतिषाचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई थी। प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद बागबाहरा पुलिस ने उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया था।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी को रायपुर जिले के सिलयारी क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।

आरोपों को लेकर कही यह बात

रायपुर लाए जाने के दौरान मीडिया द्वारा दुष्कर्म के आरोपों को लेकर पूछे गए सवालों पर नरेंद्र नयन शास्त्री ने स्पष्ट जवाब देने से इनकार किया। उन्होंने केवल इतना कहा कि यह उनके खिलाफ किसी साजिश का हिस्सा भी हो सकता है।

‘चावल वाले बाबा’ के नाम से थी पहचान

नरेंद्र नयन शास्त्री मूल रूप से रायपुर जिले के सिलयारी क्षेत्र के निवासी हैं। कथावाचन और ज्योतिष विद्या के कारण वे लंबे समय से चर्चाओं में रहे हैं। श्रद्धालुओं के बीच उनकी पहचान ‘चावल देखकर भविष्य बताने वाले बाबा’ के रूप में थी। उनके आश्रम और धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोग पहुंचते थे।

फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन की निगरानी में उनका उपचार कराया जा रहा है। मामले की न्यायिक प्रक्रिया जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button