बीजापुर । जिले के भोपालपटनम से लगे महाराष्ट्र के सोमनपल्ली क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। काम की तलाश में जा रहे मजदूरों से भरी पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें करीब एक दर्जन मजदूर घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, भोपालपटनम क्षेत्र से मजदूर रोज़गार की तलाश में महाराष्ट्र जा रहे थे। इसी दौरान सोमनपल्ली के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिससे पिकअप सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल भोपालपटनम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए बीजापुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है।
भोपालपटनम थाना प्रभारी जीवन कुमार जांगड़े ने बताया कि हादसा महाराष्ट्र के आसरली थाना क्षेत्र में हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
