रायपुर। सूखे नशे की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा पैकेजिंग के एक हाइड आउट पर दबिश दी है। DCP सेंट्रल जोन के अंतर्गत सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में गांजा की पैकेजिंग कर उसे तस्करी के लिए भेजा जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हाइड आउट पर छापा मारा। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जो गांजा की पैकेजिंग और सप्लाई के नेटवर्क से जुड़े बताए जा रहे हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजा पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी बरामद किए। इनमें मोशन सेंसर, सीसीटीवी कैमरे, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, तौल मशीन, वाई-फाई उपकरण सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री शामिल है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी तकनीकी उपकरणों का उपयोग कर हाइड आउट की निगरानी करते थे, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पहले मिल सके। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
