बिलासपुर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने बेटे की बर्थडे पार्टी का बहाना बनाकर युवक को घर बुलाया और साजिश के तहत उसका अश्लील वीडियो बनाकर 1 लाख रुपए की मांग करने लगी।
परेशान युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस के मुताबिक, केंवतरा आवासपारा निवासी नोहर कुमार सूर्यवंशी (33) प्राइवेट जॉब करता है। उसकी पहचान पास के गांव में रहने वाली एक महिला से थी। 1 फरवरी को महिला ने अपने बेटे के जन्मदिन के बहाने युवक को घर बुलाया।
जब वह शाम को महिला के घर पहुंचा तो वहां उसकी एक परिचित महिला पहले से मौजूद थी।आरोप है कि महिला ने दोनों को एक कमरे में भेज दिया। युवक का कहना है कि उसे उसकी महिला मित्र के साथ संबंधों की जानकारी पहले से थी।
कमरे में दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने, उसी दौरान महिला ने छिपकर उनका वीडियो बना लिया।कुछ दिनों बाद आरोपी महिला ने युवक के मोबाइल पर अश्लील वीडियो का स्क्रीनशॉट भेजा और बताया कि उसके पास पूरा वीडियो है।
इसके बाद उसने युवक से 1 लाख रुपए की मांग की और पैसे नहीं देने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर युवक ने सोमवार को पचपेड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई।
थाना प्रभारी राज सिंह ने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
पुलिस को आशंका है कि युवक के साथ मौजूद महिला की भी इस साजिश में भूमिका हो सकती है। हालांकि, ब्लैकमेलिंग में उसकी क्या भूमिका है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
