रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज सातवां दिन है। सदन की कार्यवाही आज भी हंगामेदार रहने के आसार हैं। कांग्रेस ने धान खरीदी के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी की है और शून्यकाल के दौरान इस विषय पर स्थगन प्रस्ताव लाए जाने की संभावना है।
वहीं ध्यानाकर्षण के दौरान स्मार्ट सिटी परियोजना में कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा भी सदन में गूंज सकता है। बीजेपी के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने इस मामले को लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लगाया है।
इसके अलावा सिरपुर महोत्सव के आयोजन में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार का मुद्दा भी सदन में उठने की संभावना है। साथ ही आज विभागवार बजट अनुदान पर भी चर्चा होगी, जिसमें डिप्टी सीएम विजय शर्मा के विभागों से जुड़ी मांगों पर विचार किया जाएगा।
