बलौदाबाजार। शहर के तहसील कार्यालय में शुक्रवार तड़के अचानक भीषण आग लग गई, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग तहसील परिसर में स्थित डीएसपी कार्यालय की पुरानी बिल्डिंग की ओर से शुरू हुई और धीरे-धीरे तहसीलदार कार्यालय की तरफ फैलने लगी।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने सबसे पहले तहसील कार्यालय के महत्वपूर्ण रिकॉर्ड और दस्तावेजों को सुरक्षित बाहर निकलवाया। इसके बाद दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की गाड़ियों के साथ-साथ आसपास के सीमेंट संयंत्रों से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गईं।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 5 बजे बलौदाबाजार की सबसे पुरानी और ऐतिहासिक तहसील भवन में आग लगी। आग की चपेट में आकर तहसीलदार कार्यालय और रिकॉर्ड रूम के कुछ हिस्से क्षतिग्रस्त हुए हैं।
मौके पर मौजूद एसडीएम प्रकाश कोरी ने बताया कि रिकॉर्ड रूम पूरी तरह सुरक्षित है और समय रहते सभी महत्वपूर्ण दस्तावेजों को बाहर निकाल लिया गया। दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
