कांकेर। मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना के तहत 10 फरवरी को गोविंदपुर में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। आरोप है कि पहले से विवाहित एक जोड़े ने योजना का लाभ लेने के लिए दोबारा विवाह कर लिया। सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल होने के बाद मामला उजागर हुआ।
जानकारी के अनुसार ग्राम प्रेमनगर निवासी सुदीप विश्वास और पीवी 64 निवासी स्वर्णा मिस्त्री ने 3 जून 2025 को सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह किया था और साथ रह रहे थे। इसके बावजूद दोनों ने योजना में पंजीयन कराया और समारोह में फिर से सात फेरे लिए। योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाती है।
आवेदन प्रक्रिया और सत्यापन पर सवाल उठे हैं। आरोप है कि बिना गहन जांच के आवेदन स्वीकृत कर लिया गया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों पर कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
