रायपुर। छत्तीसगढ़ से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। इस वर्ष आयोजित होने वाला चावल उत्सव 7 फरवरी के बजाय अब 20 फरवरी को मनाया जाएगा। खाद्य विभाग के अनुसार FRK (फोर्टिफाइड राइस कर्नेल) से जुड़े टेंडर में देरी के कारण कार्यक्रम की तारीख आगे बढ़ानी पड़ी।
सरकार की योजना के तहत प्रदेश की करीब 14 हजार राशन दुकानों में एक साथ चावल वितरण किया जाएगा। खास बात यह है कि इस बार हितग्राहियों को फरवरी और मार्च, दोनों माह का चावल एक साथ दिया जाएगा, जिससे उन्हें बार-बार राशन दुकान के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया अब पूरी कर ली गई है और राज्यव्यापी वितरण की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। फिलहाल लगभग साढ़े 6 हजार राशन दुकानों में नियमित वितरण जारी है, जबकि शेष दुकानों में स्टॉक पहुंचाने का काम चल रहा है। जिला अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि उत्सव के दिन वितरण व्यवस्था सुचारू और पारदर्शी रहे, ताकि किसी भी हितग्राही को असुविधा न हो।
