छत्तीसगढ़

सीजीबीएसई ने 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा शुल्क बढ़ाया

रायपुर । छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (सीजीबीएसई) ने करीब पांच वर्ष के अंतराल के बाद हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा शुल्क में वृद्धि करने का निर्णय लिया है। इसके तहत अब 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं को बढ़ी हुई दरों के अनुसार शुल्क जमा करना होगा।

नई व्यवस्था के अनुसार सामान्य परीक्षा शुल्क 460 रुपये से बढ़ाकर 800 रुपये कर दिया गया है। वहीं नामांकन शुल्क भी 80 रुपये से बढ़कर 200 रुपये हो गया है। अतिरिक्त विषय लेने पर अब 110 रुपये की जगह 250 रुपये शुल्क देना होगा।

अवसर परीक्षा शुल्क में भी वृद्धि की गई है। एक विषय की द्वितीय मुख्य अवसर परीक्षा का शुल्क 280 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये तथा दो विषय की द्वितीय मुख्य अवसर परीक्षा का शुल्क 340 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अलावा दो से अधिक विषयों के लिए क्रेडिट योजना के तहत परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को अब 640 रुपये की बजाय 1000 रुपये शुल्क देना होगा।

मंडल अधिकारियों के अनुसार यह वृद्धि परीक्षा संचालन, सॉफ्टवेयर, प्रश्नपत्र मुद्रण तथा अन्य व्यवस्थागत खर्चों को ध्यान में रखते हुए की गई है। छात्रों एवं अभिभावकों से नई शुल्क दरों के अनुसार समय पर शुल्क जमा करने की अपील की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button