छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 5000 शिक्षक पदों पर भर्ती की मंजूरी, अभ्यर्थियों को बड़ी राहत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। स्कूल शिक्षा विभाग ने 5000 शिक्षकीय पदों पर भर्ती को लेकर नया आदेश जारी कर दिया है, जिससे लंबे समय से चली आ रही असमंजस की स्थिति समाप्त हो गई है। अब यह पूरी तरह स्पष्ट हो गया है कि राज्य सरकार अपने पूर्व घोषित निर्णय के अनुसार सभी 5000 पदों पर भर्ती करेगी।

गौरतलब है कि पहले चरण में सरकार ने 5000 शिक्षकों की भर्ती की घोषणा की थी, लेकिन तकनीकी कारणों से जारी आदेश में 292 पद कम हो गए थे। इससे अभ्यर्थियों के बीच भ्रम और निराशा की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। अब शिक्षा विभाग ने स्थिति स्पष्ट करते हुए शेष 292 सहायक शिक्षक पदों के सृजन को मंजूरी दे दी है, जिससे कुल पदों की संख्या फिर से 5000 हो गई है।

विभागीय आदेश के अनुसार 28 अक्टूबर 2025 को 4708 पदों पर भर्ती की अनुमति दी गई थी, जबकि शेष 292 पदों को लेकर स्थिति अस्पष्ट थी। वित्त विभाग की सहमति के बाद अब इन पदों पर भी भर्ती की अनुमति प्रदान कर दी गई है।

इस निर्णय से न केवल शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को गति मिलेगी, बल्कि सरकारी स्कूलों में लंबे समय से चली आ रही शिक्षक कमी दूर होने में भी मदद मिलेगी। यह कदम शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और युवाओं को रोजगार देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button