छत्तीसगढ़

होमस्टे पॉलिसी सब्सिडी प्रक्रिया के संबंध में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की ऑनलाइन बैठक आयोजित

रायपुर । होमस्टे पॉलिसी के प्रभावी क्रियान्वयन और सब्सिडी पॉलिसी निर्धारित अर्हता और अन्य सुविधाओं के संबंध में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष विनोद अरोरा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में ऑनलाइन माध्यम से प्रदेश के सरगुजा और बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों से होमस्टे ओनर्स एवं टूरिज्म स्टेकहोल्डर्स भी जुड़े। बैठक की शुरुआत होमस्टे पॉलिसी पर विस्तृत प्रेजेंटेशन के साथ की गई, जिसमें पॉलिसी के अंतर्गत आवश्यक दस्तावेजों, पात्रता मानदंडों तथा होमस्टे ओनर्स को प्रदान की जाने वाली सब्सिडी की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इसके साथ ही यह भी बताया गया कि सब्सिडी किस प्रकार और किन चरणों में दी जाएगी।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि होमस्टे को अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। साथ ही, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा यह प्रस्ताव रखा गया कि यदि किसी एक गांव में 10–12 होमस्टे एक क्लस्टर के रूप में विकसित किए जाते हैं, तो वहां सामुदायिक सहभागिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं स्थानीय पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में विशेष योजनाएं लागू की जाएंगी।

इस अवसर पर प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने सरगुजा और बस्तर संभाग के होमस्टे ओनर्स को संबोधित करते हुए कहा कि होमस्टे पॉलिसी से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त करने या छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड में पंजीयन हेतु इच्छुक व्यक्ति सीटीबी के अपने नजदीकी टूरिस्ट इंफॉर्मेशन सेंटर से संपर्क कर सकते हैं।

बैठक में ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष विनोद अरोड़ा ने लोन संबंधी जानकारी साझा करते हुए बताया कि होमस्टे ओनर्स किस प्रकार ऋण के लिए आवेदन कर सकते हैं, लोन की प्रक्रिया क्या होगी तथा किन शर्तों के अंतर्गत उन्हें वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। यह बैठक राज्य में होमस्टे पर्यटन को सशक्त बनाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button