छत्तीसगढ़

जगदलपुर जा रही यात्री बस पलटी: 32 घायल, 8 की हालत गंभीर

कांकेर । जिले के बांदे–पखांजूर मार्ग पर गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जगदलपुर जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जिससे बस में सवार 32 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से कांकेर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार घायलों में से 8 यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है। इनमें से दो की स्थिति नाजुक होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज कांकेर में जारी है।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक की लापरवाही बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार मोड़ पर बस की गति कम नहीं की गई, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस पलट गई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और चालकों से भी सतर्कता बरतने की अपेक्षा जताई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button