छत्तीसगढ़

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से की सौजन्य मुलाकात

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आज अपने निवास पर केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर डॉ. रमन सिंह ने केंद्रीय मंत्री श्री चौहान का आत्मीय स्वागत किया। बैठक के दौरान दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विशेष रूप से कृषक कल्याण एवं ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।

डॉ. रमन सिंह ने बताया कि चर्चा के दौरान छत्तीसगढ़ के किसानों की वर्तमान स्थिति, कृषि क्षेत्र में नवाचार, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, फसल विविधीकरण तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही केंद्र सरकार द्वारा संचालित कृषि एवं ग्रामीण विकास योजनाओं के राज्य में प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी दोनों नेताओं ने अपने विचार साझा किए।

बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय, किसानों की आय बढ़ाने के उपाय, आत्मनिर्भर कृषि मॉडल को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन पर विशेष जोर दिया गया। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाएं राज्य के किसानों एवं ग्रामीण जनता के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही हैं और भविष्य में इनके सकारात्मक परिणाम और अधिक स्पष्ट रूप से सामने आएंगे।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ में कृषि एवं ग्रामीण विकास की व्यापक संभावनाओं की सराहना करते हुए कहा कि किसान कल्याण को प्राथमिकता देते हुए केंद्र सरकार राज्य को हरसंभव सहयोग प्रदान करती रहेगी। यह सौजन्य भेंट सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button