छत्तीसगढ़

नेताजी की जयंती पर सर्व छत्तीसगढ़िया किसान समाज ने शुरू किया प्रदेशव्यापी सदस्यता अभियान

रायपुर। महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती एवं बसंत पंचमी के पावन अवसर पर “छत्तीसगढ़ी महतारी अस्मिता” की रक्षा के उद्देश्य से सर्व छत्तीसगढ़िया किसान समाज द्वारा प्रदेशव्यापी सदस्यता अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। यह अभियान छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण संग्राम सेनानियों के नेतृत्व में आरंभ हुआ, जो आगामी दिनों में पूरे प्रदेश में जारी रहेगा।
अभियान की शुरुआत कवर्धा जिले के बीहड़ आदिवासी क्षेत्र रेंगखार में आयोजित सभा से हुई। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अनिल दुबे सहित महेंद्र कौशिक, जगदम्बिका साहू, सुन्दर कौशिक, ठाकुरराम सिन्हा, श्यामूराम सेन समेत अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभा में आदिवासी, बैगा, साहू, कुर्मी, सतनामी, पटेल सहित विभिन्न समाजों के किसानों ने भाग लिया, जिनमें से 100 से अधिक लोगों ने सदस्यता ग्रहण कर छत्तीसगढ़ी अस्मिता की रक्षा का संकल्प लिया।

इसी क्रम में पाटन ब्लॉक के मोतीपुर, सांकरा, पाहंदा व झीट गांवों में भी बैठकें आयोजित की गईं। संयोजक जागेश्वर प्रसाद ने बाहरी शोषण के खिलाफ संगठित संघर्ष का आह्वान किया, जिससे प्रभावित होकर 70 से 80 लोगों ने सदस्यता ली। वहीं तुमगांव-सिरपुर और नरहरपुर (कांकेर) क्षेत्र में भी सैकड़ों लोगों को संगठन से जोड़ा गया।

सदस्यों ने 26 जनवरी 2026 को प्रस्तावित “छत्तीसगढ़ी महतारी अस्मिता रथ यात्रा” को सफल बनाने और गांव-गांव जनजागरण अभियान चलाने का संकल्प दोहराया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button