देश दुनियां

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में दिखेगा पीढ़ी परिवर्तन, युवा-अनुभव का बनेगा संतुलन

नई दिल्ली। भाजपा में राष्ट्रीय अध्यक्ष के बाद अब राष्ट्रीय संगठन की नई टीम में भी पीढ़ी परिवर्तन की स्पष्ट झलक देखने को मिलेगी। अब तक के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अगुवाई में बनने वाली नई टीम में युवा नेतृत्व को प्राथमिकता दी जाएगी, साथ ही अनुभव का भी संतुलन रखा जाएगा। पार्टी की कोशिश नई टीम की औसत उम्र करीब 55 वर्ष रखने की है, जिसको लेकर संगठन स्तर पर मंथन शुरू हो चुका है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार अध्यक्ष बनने के अगले ही दिन नितिन नवीन ने पार्टी मुख्यालय में मैराथन बैठक कर एक-एक राज्य की ताजा राजनीतिक स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। चूंकि आगामी लोकसभा चुनाव नितिन नवीन और उनकी टीम के नेतृत्व में लड़े जाने हैं, इसलिए संगठन में ऐसे युवाओं को मौका मिलेगा जिनमें मजबूत सांगठनिक क्षमता और भविष्य की नेतृत्व क्षमता दिखाई देती है।

नितिन के नाम की घोषणा होते ही नई टीम के गठन को लेकर शीर्ष स्तर पर विचार-विमर्श शुरू हो गया था। विभिन्न राज्यों के युवा नेताओं की सूची तैयार की गई है। सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल अनुभवी नेता भी संगठन को मार्गदर्शन देते रहेंगे।

बैठक में पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी की चुनावी तैयारियों की समीक्षा की गई। नितिन नवीन ने बूथ और मंडल स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। वहीं कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति और विकास कार्यक्रमों के विरोध पर भी चर्चा हुई, जिस पर नितिन नवीन और निवर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मार्गदर्शन दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button