अपराध और हादसाछत्तीसगढ़

कोयला कारोबार में मुनाफे का झांसा, 1 करोड़ से ज्यादा की ठगी

बिलासपुर । कोयले के कारोबार में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर उज्जैन के एक कारोबारी से 1 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने के मामले में सरकंडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।

पुलिस ने शहर के एक दंपती सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ठगी का शिकार मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले के आगर रोड निवासी अरविंद सिंह पवार पिता राजेन्द्र सिंह हुए हैं।
पीड़ित अरविंद सिंह पवार गुरु प्रकाश बॉयो फ्यूल, गुरु एग्रो ब्रिकेट्स और प्रकाश लोक बॉयो फ्यूल के नाम से कारोबार करते हैं। मार्च 2025 में वे कारोबार के सिलसिले में बिलासपुर आए थे।

इसी दौरान राजस्व कॉलोनी सरकंडा निवासी अतीक उर रहमान उर्फ राजा खान (37) उनसे सेंट्रल पाइंट होटल में मिला और कोयले के कारोबार में निवेश करने पर अधिक मुनाफा दिलाने का लालच दिया। उसने बताया कि उसके परिचित नेहरू उर्फ नेहरू साहू (37) और उसकी पत्नी सोनम कश्यप (26) यह कारोबार बड़े पैमाने पर करते हैं।
आरोपियों की बातों पर भरोसा कर अरविंद सिंह ने नेहरू साहू और सोनम कश्यप से मुलाकात की। सोनम ने खुद को सुपर कोल ट्रेडिंग कंपनी और नेहरू ने एसएस कोल ट्रेडिंग का प्रोप्राइटर बताया।

उन्होंने कोयला खरीद के लिए निवेश करने पर प्रति टन 200 से 500 रुपये तक मुनाफा पांच दिन में देने का दावा किया।
भरोसे में आकर अरविंद सिंह ने अपनी फर्म के खाते से कुल 1 करोड़ 13 लाख 10 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में आरोपियों ने केवल 61 लाख 2 हजार 626 रुपये लौटाए, जबकि शेष 67 लाख 97 हजार 374 रुपये वापस नहीं किए।

राशि वापस न मिलने पर पीड़ित ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई। टीआई सरकंडा प्रदीप आर्य के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने जांच के बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button