बालोद। जिले के भालुकोंनहा गांव में एक नीम के पेड़ से लगातार सफेद रंग का तरल पदार्थ निकल रहा है, जिसे ग्रामीण देवी का चमत्कार मानकर पूजा-पाठ कर रहे हैं। लोग इसे प्रसाद के रूप में ग्रहण कर रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि इसका सेवन बीमारियों में राहत देता है।
ग्रामीण इस तरल को मटकों में भरकर गांव के लोगों में वितरित कर रहे हैं। पेड़ के आसपास पूजा स्थल बना दिया गया है और कई लोगों ने इसे पवित्र धागों से बांधकर पूजा शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार तरल में हल्की गंध है, लेकिन इसका स्वाद नारियल पानी जैसा मीठा है।
सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसके बाद दूर-दूर से लोग गांव पहुंचकर दर्शन और पूजा कर रहे हैं। कुछ ग्रामीण इसे देवी का चमत्कार मानते हैं, जबकि अन्य का मानना है कि यह प्राकृतिक रासायनिक प्रतिक्रिया या पेड़ के रस का लीकेज हो सकता है। घटना ने क्षेत्र में उत्सुकता और श्रद्धा दोनों को जन्म दिया है।
