कांकेर। पखांजूर क्षेत्र के भाग संख्या 47 में निर्वाचन कार्य के दौरान एक गंभीर घटना सामने आई है, जिसमें बीएलओ अरविंद गाइन को जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपी के रूप में पुलिस ने झोलाछाप डॉक्टर नूपुर हावलादार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, बीएलओ अरविंद गाइन एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया के तहत सी श्रेणी नोटिस देने पहुंचे थे। इस दौरान नूपुर हावलादार ने बीएलओ के साथ गाली-गलौच की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। बताया गया कि नोटिस इसलिए जारी किया गया क्योंकि आवश्यक दस्तावेज सही ढंग से जमा नहीं किए गए थे।
घटना की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि निर्वाचन कार्य में बाधा डालने या अधिकारियों को धमकाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
