नई दिल्ली। शेयर बाजार में शुक्रवार को तेज गिरावट देखने को मिली। शुरुआती सत्र में उतार-चढ़ाव के बाद बाजार पर बिकवाली हावी हो गई और प्रमुख सूचकांक लाल निशान में फिसल गए। 11:53 बजे के करीब बीएसई सेंसेक्स 434.81 अंक टूटकर 83,746.15 के स्तर पर आ गया, जबकि एनएसई निफ्टी 131.10 अंक गिरकर 25,745.75 पर कारोबार करता नजर आया।
इससे पहले सुबह 9:46 बजे सेंसेक्स 52.48 अंक गिरकर 84,128.48 और निफ्टी 21.40 अंक फिसलकर 25,855.45 के स्तर पर था, लेकिन जैसे-जैसे कारोबार आगे बढ़ा, गिरावट और गहराती चली गई।
निफ्टी पर एटरनल, ओएनजीसी, एशियन पेंट्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और एचसीएल टेक्नोलॉजीज टॉप गेनर्स में रहे। वहीं अदाणी एंटरप्राइजेज, आईसीआईसीआई बैंक, अदाणी पोर्ट्स, एनटीपीसी और टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली देखने को मिली।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में भी आईसीआईसीआई बैंक, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, एनटीपीसी, अदाणी पोर्ट्स, सन फार्मा और ट्रेंट में भारी गिरावट दर्ज की गई, जबकि एटरनल, एचसीएल टेक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और एशियन पेंट्स ने मजबूती दिखाई। बाजार में जारी दबाव के बीच निवेशक सतर्क नजर आ रहे हैं।
