देश दुनियां

दिल्ली में साल का पहला कोल्ड डे, 13 राज्यों में शीतलहर की चेतावनी

नई दिल्ली । दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। दिल्ली में मंगलवार को साल का पहला ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया, क्योंकि अधिकतम तापमान में तेज़ी से गिरावट आई, जिससे राष्ट्रीय राजधानी में काफ़ी ठंड महसूस हुई। बुधवार को भी ऐसे ही हालात बने रहने की संभावना है।

इन राज्यों में पड़ेगी कड़ाके की सर्दी

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, पश्चिम बंगाल, झारखंड और सिक्किम में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। दरअसल, देश के उत्तर और हिमालयी राज्यों के कुछ हिस्सों में पहले से ही ठंडे दिन देखे जा रहे हैं और कई इलाकों में तापमान नए निचले स्तर पर गिर गया है। झारखंड के गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और चतरा झारखंड के जिलों में शीत लहर का ‘येलो’ अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं, पश्चिम बंगाल में राजधानी कोलकाता में 10.2 डिग्री सेल्सियस के साथ जनवरी का सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में कहा गया है कि अगले कुछ दिनों में दक्षिणी पश्चिम बंगाल में ठंड और बढ़ेगी।

कहां पर पड़ेगा घना कोहरा

मौसम विभाग ने कहा कि 07-09 जनवरी के दौरान उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की बहुत संभावना है और अगले 4 दिनों तक अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। 7 जनवरी को पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा पड़ सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button