रायपुर । छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड का दौर लगातार जारी है। ठंडी हवाओं के चलते उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के इलाकों में ठिठुरन बढ़ती जा रही है। सरगुजा संभाग और मैनपाट समेत प्रदेश के कई हिस्सों में शीतलहर जैसे हालात बने हुए हैं। मैनपाट में रात का न्यूनतम तापमान गिरकर 2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
प्रदेश के कई शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया है। दुर्ग में तापमान सामान्य से 5.3 डिग्री कम दर्ज किया गया, जबकि राजधानी रायपुर में यह 4.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
ठंड बढ़ने से सुबह और रात के समय लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार रायपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरबा, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर जिलों में घना कोहरा छाए रहने के साथ कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। उत्तर-मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में शीतलहर का प्रभाव भी देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने बताया कि राजधानी रायपुर में आगामी दो दिनों तक कोहरे के साथ ठंड का असर बना रहेगा। आज अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने का अनुमान है। विभाग ने नागरिकों से ठंड से बचाव के लिए सतर्कता और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।
