बीजापुर। जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुनगा–पेद्दाकोरमा इलाके में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया। सोमवार को डीआरजी बीजापुर, थाना गंगालूर पुलिस और बीडीएस की संयुक्त टीम क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान पर निकली हुई थी। इसी दौरान माओवादियों द्वारा लगाया गया करीब 10 किलोग्राम वजनी IED बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार, संयुक्त बल पगडंडी मार्ग पर डीमाइनिंग और सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इसी दौरान मुनगा रोड से कुछ दूरी पर संदिग्ध स्थान पर IED होने के संकेत मिले। सतर्कता बरतते हुए तत्काल बीडीएस बीजापुर की टीम को मौके पर बुलाया गया। बीडीएस टीम ने सभी सुरक्षा मानकों और प्रक्रियाओं का पालन करते हुए मौके पर ही IED को सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया।
सुरक्षा बलों की सूझबूझ, सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से किसी भी प्रकार की जनहानि की आशंका पूरी तरह टल गई। यदि यह विस्फोटक सक्रिय हो जाता, तो सुरक्षाबलों के साथ-साथ आम ग्रामीणों को भी भारी नुकसान हो सकता था।
अधिकारियों ने बताया कि माओवादियों की गतिविधियों पर लगाम लगाने और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए सर्चिंग एवं एरिया डॉमिनेशन अभियान लगातार जारी रहेगा। सुरक्षाबल हर चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क और तैयार हैं।
