अपराध और हादसाछत्तीसगढ़

फर्जी तहसीलदार बनकर युवती को फंसाया,आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। फेसबुक के माध्यम से स्वयं को तहसीलदार बताकर युवती से दोस्ती करना और बाद में उसकी तस्वीर व मोबाइल नंबर फर्जी आईडी बनाकर सोशल मीडिया में वायरल करने वाले आरोपी को सरकंडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

सरकंडा पुलिस के अनुसार, 26 दिसंबर को पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2022 में उसकी फेसबुक के जरिए आशुतोष उपाध्याय, पिता नरेंद्र उपाध्याय (35 वर्ष), निवासी मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा से पहचान हुई थी।

आरोपी ने खुद को तहसीलदार बताकर उससे दोस्ती की और मोबाइल पर बातचीत करता रहा। कुछ समय बाद जब युवती ने उससे बातचीत बंद कर दी, तो आरोपी अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल कर परेशान करने लगा और अभद्र बातें करने लगा।

इतना ही नहीं, आरोपी ने युवती की तस्वीर और मोबाइल नंबर का दुरुपयोग करते हुए फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे पीड़िता को मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। शिकायत मिलते ही सरकंडा पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने ग्राम मुलमुला पहुंचकर आरोपी आशुतोष उपाध्याय को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button