सूरजपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के मानपुर गांव में एक युवक द्वारा खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गंभीर रूप से झुलसने के बावजूद युवक ने अस्पताल जाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद रात के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी के अनुसार, अज्ञात कारणों से युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। घटना के बाद जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तो पत्नी ने उसे तत्काल अस्पताल ले जाने की कोशिश की। इस दौरान सास ने भी अस्पताल जाने की सलाह दी, लेकिन युवक ने गंभीर अवस्था में होने के बावजूद इलाज कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद वह अपने कमरे में जाकर सो गया।
सुबह जब पत्नी ने उसे जगाने की कोशिश की तो उसका शरीर ठंडा पड़ चुका था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्मदाह के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
