रायपुर। रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। घटना 4 अप्रैल 2026 की बताई जा रही है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि टाटीबंध स्थित शराब दुकान के पास एक युवक हाथ में चाकू लेकर राहगीरों को भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
पकड़े गए युवक ने अपना नाम सन्नी साहु उर्फ माया (27) बताया, जो उरला थाना क्षेत्र के सरोरा इलाके का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक स्टील का धारदार चाकू बरामद किया गया, जिसकी कुल लंबाई करीब 10.5 इंच बताई गई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी चाकू रखने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में चाकू जब्त कर लिया।
आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
