नई दिल्ली/रायपुर। रायपुर से इस वक़्त की बड़ी खबर सामने आ रही है कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह अभी-अभी रायपुर एयरपोर्ट पहुंचे है। एयरपोर्ट पर राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी, राम विचार नेताम, केदार कश्यप, लखन लाल देवांगन, श्याम बिहारी जायसवाल, लक्ष्मी राजवाड़े, टंकराम वर्मा, गजेन्द्र यादव, राजेश अग्रवाल, गुरू खुशवंत साहेब ने भव्य स्वागत किया। आज 12 और 13 दिसंबर को दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। गृह मंत्रालय से जारी आधिकारिक गोपनीय कार्यक्रम के मुताबिक शाह का यह दौरा बेहद व्यस्त और सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील माना जा रहा है। उनके आगमन से लेकर समापन तक सभी कार्यक्रमों के लिए Z+ श्रेणी की सुरक्षा और बहुस्तरीय सुरक्षात्मक घेरे की व्यवस्था की गई है।
रायपुर में आज रात पहुंचेंगे अमित शाह
गृह मंत्री अमित शाह 12 दिसंबर को शाम 7:15 बजे अंडमान-निकोबार के पोर्ट ब्लेयर स्थित वीर सावरकर एयरपोर्ट से प्रस्थान करेंगे और रात 9:30 बजे रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वे सड़क मार्ग से होटल मेफेयर जाएंगे, जहां रात का विश्राम निर्धारित है।
13 दिसंबर: रायपुर से जगदलपुर, फिर दिल्ली वापसी
अगले दिन 13 दिसंबर की सुबह से दोपहर तक गृह मंत्री होटल मेफेयर, रायपुर में आरक्षित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। दोपहर 1:30 बजे वे रायपुर से सड़क मार्ग से एयरपोर्ट के लिए निकलेंगे और 1:50 बजे BSF विमान से जगदलपुर के लिए उड़ान भरेंगे। 2:35 बजे वे जगदलपुर स्थित माता दंतेश्वरी एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से तुरंत सड़क मार्ग से इंदिरा प्रियदर्शनी स्टेडियम जाएंगे।
बस्तर ओलंपिक समापन समारोह में होंगे शामिल
जगदलपुर के इंदिरा प्रियदर्शनी स्टेडियम में दोपहर 2:45 बजे से 4:45 बजे तक गृह मंत्री अमित शाह बस्तर ओलंपिक के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह बस्तर क्षेत्र का सबसे बड़ा खेल आयोजन है, जिसमें हजारों खिलाड़ी विभिन्न पारंपरिक खेलों में भाग लेते हैं। समारोह के बाद शाम 4:45 बजे वे स्टेडियम से माता दंतेश्वरी एयरपोर्ट लौटेंगे और 4:55 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। गृह मंत्री शाम 7:10 बजे नई दिल्ली के BSF हेंगर पर उतरेंगे और सड़क मार्ग से 6A कृष्णा मेनन मार्ग स्थित आवास पहुंचेंगे, जहां उनके दिनभर के दौरे का समापन होगा।
सुरक्षा व्यवस्था के कड़े निर्देश
चूंकि गृह मंत्री की सुरक्षा श्रेणी Z+ है, गृह मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ पुलिस, CRPF, दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को समन्वय बैठकों और विस्तृत सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश दिए हैं। गृह मंत्रालय द्वारा जारी दस्तावेज में स्पष्ट कहा गया है कि पूरे दौरे के दौरान अभेद्य सुरक्षा कवच सुनिश्चित किया जाए। सभी स्थानों पर एडवांस ASL (एडवांस सिक्योरिटी लायजनिंग) किया जाए।
हेलिकॉप्टर उपयोग की स्थिति में जिलाधिकारियों को हेलिपैड के समन्वय तत्काल देने होंगे। गृह मंत्री के साथ आने वाले अधिकारियों और BSF/IAF दल के लिए आवास व परिवहन की व्यवस्था की जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन की रहेगी। सभी तैनात अधिकारियों के नाम, पदनाम और संपर्क विवरण तुरंत मंत्रालय को भेजे जाएं। गृह मंत्री के साथ विशेष अधिकारी शशांक मणि त्रिपाठी, अनुभाग अधिकारी मोहित, CRPF के AC आशीष मिश्रा, फोटोग्राफर और अन्य अधिकारी शामिल रहेंगे।
बस्तर में राजनीतिक और प्रशासनिक सक्रियता बढ़ेगी
अमित शाह का यह दौरा राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बस्तर में नक्सल विरोधी अभियान, सरेंडर पॉलिसी, विकास परियोजनाओं और राजनीतिक गतिविधियों के संदर्भ में यह यात्रा अहम मानी जा रही है। गृह मंत्री की उपस्थिति से बस्तर ओलंपिक का समापन समारोह और भी भव्य होने की संभावना है।
