दंतेवाड़ा। भैरमगढ़ स्थित डीएवी हॉस्टल में गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां तीसरी मंजिल से गिरकर कक्षा 11 के आदिवासी छात्र की मौत हो गई। मृतक छात्र की पहचान नेलसनार गांव निवासी कोमल कड़ियम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब 8:30 बजे वह हॉस्टल की तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद छात्र को प्राथमिक उपचार के लिए भैरमगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर उसे दंतेवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान छात्र ने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही छात्र के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
हॉस्टल अधीक्षक के अनुसार, छात्र खाना खाने के बाद छत पर गया था, हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वह तीसरी मंजिल तक कैसे पहुंचा। हॉस्टल में चारों ओर पैरापिट दीवार होने के बावजूद छात्र के तीसरी मंजिल से गिरने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
