जांजगीर-चांपा। नववर्ष के अवसर पर जिले में शांति, कानून व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में 31 दिसंबर की शाम से ही जिले के प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों, पर्यटन और पिकनिक स्पॉट तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन के अनुसार केराझरिया, कुदरी बैराज, देवरी-चिचोली, डोंगाघाट चांपा, कोटमीसोनार, शिवरीनारायण, नैला, खोखरा और पीथमपुर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर विशेष निगरानी रहेगी। थाना व चौकी क्षेत्रों में चौक-चौराहों पर फिक्स पॉइंट ड्यूटी लगाई गई है, वहीं संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त की व्यवस्था की गई है।
यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है और जरूरत पड़ने पर मार्ग परिवर्तन भी लागू होंगे। शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार, स्टंटबाजी, हुड़दंग, सड़क पर केक काटने और तेज डीजे बजाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी तथा महिला सुरक्षा के लिए महिला पुलिस बल भी तैनात रहेगा।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें, अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या कंट्रोल रूम नंबर 94791-93199 पर दें, ताकि नववर्ष सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जा सके।
