मुंबई। सनी देओल की बहुप्रतीक्षित वॉर फिल्म बॉर्डर 2 की घोषणा के बाद से ही फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। 16 दिसंबर को रिलीज हुए टीजर में सनी देओल के साथ वरुण धवन, अहान शेट्टी और दिलजीत दोसांझ की झलक दिखाई दी। जहां फिल्म की स्टारकास्ट चर्चा में है, वहीं दो नई अभिनेत्रियां भी सुर्खियों में आ गई हैं, जिन्हें इस फिल्म से बड़ा ब्रेक मिला है।
फिल्म में पंजाबी अभिनेत्री सोनम बाजवा दिलजीत दोसांझ के अपोजिट नजर आएंगी, जबकि मोना सिंह सनी देओल की जोड़ीदार बनी हैं। इसके अलावा दो नई एक्ट्रेस—आन्या सिंह और मेधा राणा—को भी अहम भूमिकाएं दी गई हैं।
आन्या सिंह इससे पहले आर्यन खान के निर्देशन में बनी सीरीज बैड्स ऑफ बॉलीवुड में नजर आ चुकी हैं। अपनी मासूम मुस्कान और दमदार अभिनय से उन्होंने दर्शकों का ध्यान खींचा था। बॉर्डर 2 में उनकी जोड़ी अहान शेट्टी के साथ बनी है, जहां वह एक फौजी की पत्नी का किरदार निभाती दिखेंगी। माना जा रहा है कि यह फिल्म उनके करियर के लिए मील का पत्थर साबित हो सकती है।
वहीं मेधा राणा फिल्म में वरुण धवन की पत्नी की भूमिका निभा रही हैं। मॉडलिंग से करियर शुरू करने वाली मेधा ने वेब सीरीज और फिल्मों में छोटे लेकिन प्रभावशाली रोल किए हैं। बॉर्डर 2 से उन्हें बड़े स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद है। अब देखना दिलचस्प होगा कि यह फिल्म इन दोनों नई अभिनेत्रियों के करियर को किस दिशा में ले जाती है।
