रायपुर। नगर निगम क्षेत्र में स्वास्थ्य अधिकारियों की टीम ने नैवेद्य फैक्ट्री, गुजराती मिष्ठान भंडार और हॉटल गुरुकृपा का औचक निरीक्षण कर स्वच्छता नियमों की अवहेलना पाई। निरीक्षण के दौरान कई जगह जुर्माना वसूला गया और सुधार के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणिग्रही के अनुसार, नैवेद्य फैक्ट्री द्वारा नगर निगम की नालियों में कचरा फेंकने से नालियां जाम हो रही थीं। शिकायत सही पाए जाने पर फैक्ट्री संचालक पर 10,000 रुपए का जुर्माना लगाया गया और स्वच्छता सुधारने के निर्देश दिए गए।
इसी तरह, जोन 4 क्षेत्र के गुजराती मिष्ठान भंडार में एसटीपी न होने की बात मिली। मिनी एसटीपी लगाए जाने का नोटिस जारी कर 5,000 रुपए का जुर्माना वसूला गया। कार्रवाई के दौरान जोन स्वास्थ्य अधिकारी वीरेन्द्र चंद्राकर और निगम मुख्यालय के स्वच्छता निरीक्षक गिरिजेश तिवारी मौजूद रहे।
नगर निगम जोन 10 के निर्देशन में हॉटल गुरुकृपा का निरीक्षण किया गया, जहां गंदगी मिलने पर 2,500 रुपए का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने सभी संचालकों को स्वच्छता व्यवस्था सुधारने और नियमों का पालन करने के सख्त निर्देश दिए।
