रायपुर। राज्य शासन ने भारतीय वन सेवा (IFS) के अधिकारियों से संबंधित एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। इसके तहत दो आईएफएस अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है, वहीं पांच अधिकारियों को वरिष्ठ वेतनमान में पदोन्नति प्रदान की गई है। पदोन्नत अधिकारियों की फिलहाल नई पदस्थापना नहीं की गई है और वे वर्तमान दायित्वों पर ही कार्य करेंगे।
जारी आदेश के अनुसार स्थानांतरित किए गए अधिकारियों में जाधव सागर रामचंद्र को उप वन संरक्षक, लघु वनोपज संघ के पद पर पदस्थ किया गया है। वहीं चंद्र कुमार अग्रवाल को उप वन संरक्षक, मनेंद्रगढ़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही राज्य शासन ने पांच आईएफएस अधिकारियों को वरिष्ठ वेतनमान में पदोन्नत करने का निर्णय लिया है। शासन का कहना है कि यह पदोन्नति अधिकारियों की सेवा अवधि, कार्य प्रदर्शन और विभागीय मापदंडों के आधार पर की गई है। पदोन्नत अधिकारी आगामी आदेश तक अपने वर्तमान पदों पर कार्य करते रहेंगे।
वन विभाग से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस निर्णय का स्वागत किया है। माना जा रहा है कि इससे विभागीय कार्यप्रणाली को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा वन संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा और वनोपज से जुड़े कार्यों में गति आएगी।
