दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप-कप्तान स्मृति मंधाना ने कहा है कि वर्ल्ड कप विजेता बनने का गौरव जितना खुशी देता है, उतनी ही जिम्मेदारी भी साथ लाता है। भारतीय महिला टीम ने नवंबर 2025 में महिला वनडे वर्ल्ड कप जीतकर सीनियर स्तर पर अपनी पहली आईसीसी ट्रॉफी हासिल की थी।
श्रीलंका के खिलाफ ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जाने वाले तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच से पहले स्मृति मंधाना ने ब्रॉडकास्टर्स से बातचीत में कहा कि वर्ल्ड चैंपियन कहलाना एक अविश्वसनीय एहसास है। उन्होंने कहा कि मैदान पर ट्रॉफी जीतने और टीम के चैंपियन घोषित होने का पल आज भी उनके जेहन में ताजा है।
मंधाना ने कहा कि टीम ने बीते एक महीने में इस सफलता को आत्मसात कर लिया है, लेकिन यह टैग गर्व के साथ-साथ जिम्मेदारी भी लाता है। इससे टीम को बेहतर तैयारी करने और लगातार अच्छा प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है, क्योंकि आने वाले वर्षों तक टीम को वर्ल्ड चैंपियन के रूप में देखा जाएगा।
इस सीरीज के दौरान स्मृति मंधाना ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 4,000 रन पूरे कर इतिहास रच दिया। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर बनीं। अपने फॉर्म को लेकर उन्होंने कहा कि सरल सोच, अपनी ताकत पर भरोसा और निरंतर मेहनत ही उनके प्रदर्शन की कुंजी है।
