रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों कड़ाके की ठंड ने लोगों को ठिठुरा दिया है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई इलाकों में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। रायपुर के साथ-साथ बिलासपुर, पेंड्रा और आसपास के क्षेत्रों में शीतलहर का असर लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। सुबह और रात के समय ठंड का प्रकोप सबसे अधिक महसूस किया जा रहा है।
मौसम विभाग ने प्रदेश में तापमान में और गिरावट की संभावना जताते हुए 20 दिसंबर को कई जिलों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। चेतावनी के दायरे में राजधानी रायपुर के अलावा कबीरधाम, राजनांदगांव, दुर्ग, कोरिया, बिलासपुर, कोरबा, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली और बालोद जिले शामिल हैं।
ठंड के कारण सुबह के समय घना कोहरा और ओस की चादर सड़कों पर नजर आ रही है, जिससे वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कंपकंपाती ठंड से बचने के लिए लोग गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा ले रहे हैं।
बढ़ती ठंड को देखते हुए स्थानीय नागरिकों ने सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था करने की मांग की है। कई इलाकों में लोग खुद ही अलाव जलाकर ठंड से बचाव कर रहे हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।
