रायपुर। भारतीय सेना में महिलाओं की भागीदारी को और सशक्त करने की दिशा में सेना भर्ती कार्यालय, जबलपुर (मध्यप्रदेश) द्वारा महिला सेना पुलिस पद के लिए भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह भर्ती रैली 23 फरवरी 2026 को पुलिस ग्राउंड झिंझरी, कटनी (मध्यप्रदेश) में आयोजित होगी। इसमें छत्तीसगढ़ राज्य के सभी 33 जिलों से चयनित महिला अभ्यर्थी भाग लेंगी।
भारतीय सेना द्वारा महिला सेना पुलिस भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत 30 जून 2025 से 10 जुलाई 2025 के बीच ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) आयोजित किया गया था। इस परीक्षा में सफल घोषित महिला उम्मीदवारों को ही भर्ती रैली में शामिल होने का अवसर दिया जा रहा है। रैली के दौरान शारीरिक दक्षता परीक्षण, दस्तावेज सत्यापन और अन्य चयन प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी।
शारीरिक एवं दस्तावेज सत्यापन में सफल अभ्यर्थियों की चिकित्सकीय जांच 24 फरवरी 2026 को सेना अस्पताल, जबलपुर में कराई जाएगी। चिकित्सकीय रूप से फिट पाए जाने पर ही अंतिम चयन किया जाएगा। भर्ती रैली में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in
पर जारी कर दिए गए हैं और पंजीकृत ई-मेल आईडी पर भी भेजे गए हैं।
अभ्यर्थियों को रैली स्थल पर एडमिट कार्ड, सभी मूल शैक्षणिक व पहचान संबंधी दस्तावेज तथा आधार से लिंक मोबाइल फोन साथ लाना अनिवार्य होगा। यह भर्ती रैली छत्तीसगढ़ की युवतियों के लिए देशसेवा में करियर बनाने का सुनहरा अवसर मानी जा रही है।
