रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कबीर नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन (चिट्टा) के साथ एक दंपत्ति को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से बरामद नशे की अंतरराष्ट्रीय कीमत लाखों रुपये आंकी गई है। दोनों के विरुद्ध थाना कबीर नगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर चल रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि कबीर नगर स्थित LIG-2/20 मकान में एक महिला हेरोइन की बिक्री कर रही है। एएसपी पश्चिम दौलत राम पोर्ते और सीएसपी आजाद चौक ईशु अग्रवाल के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी।
तलाशी के दौरान आरोपी महिला हरप्रीत कौर के घर में पलंग के दराज से एक प्लास्टिक जिपर थैली बरामद हुई, जिसमें 16.01 ग्राम हेरोइन मिली। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह नशीला पदार्थ पंजाब से तस्करी कर रायपुर लाया गया था। महिला के पति जोधा सिंग को भी मौके से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने 16.01 ग्राम हेरोइन (कीमत लगभग 3.20 लाख रुपये) और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। कुल जप्त मशरूका की कीमत करीब 3.45 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।
